नीमच पुलिस की बड़ी सफलता: 'ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0' के तहत अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार


नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में साइबर अपराधों, फर्जी (म्यूल) खातों पर अंकुश लगाने और साइबर सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे "ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0" के अंतर्गत नीमच पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर देश के विभिन्न हिस्सों के लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 4 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई साइबर सेल नीमच एवं पुलिस थाना नीमच सिटी की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 62 एटीएम कार्ड, 9 पासबुक, 8 चेकबुक, 8 मोबाइल, 1 लैपटॉप, 1 मैकबुक, 1 एटीएम स्वैप मशीन, 1 हुंडई ऑरा कार तथा ₹51,500 की नकदी जब्त की है।
फर्जी वेबसाइट बनाकर देते थे शेयर ट्रेडिंग के टिप्स
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरोह के सदस्य www.moneygrow.live नाम की एक फर्जी वेबसाइट बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स एवं कॉलिंग के माध्यम से आम नागरिकों से संपर्क साधते थे। शेयर मार्केट में टिप्स देने और कम समय में अधिक लाभ कमाने का झांसा देकर पीड़ित व्यक्तियों से धोखाधड़ी की राशि फर्जी म्यूल (Mule) बैंक खातों में ट्रांसफर करवाते थे।
I4C डेटा और मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
गृह मंत्रालय (भारत सरकार) के I4C (इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर) और NCRP पोर्टल से प्राप्त संदिग्ध म्यूल बैंक खातों एवं एटीएम विड्रॉल लोकेशन्स के आधार पर साइबर सेल और नीमच सिटी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
बैंक और एटीएम बूथ के आसपास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे 3 आरोपियों—निखिल कुमावत, दीपक मेघवाल एवं जयंत कुमावत को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये तीनों स्वयं एवं अन्य लोगों के बैंक खातों की किट (पासबुक, चेकबुक, एटीएम) तैयार कर गिरोह के मुख्य साथी अल्केश पंवार को सौंपते थे, जो लोगों से ठगी का पैसा इन खातों में डलवाता था। आरोपियों की निशांदेही पर अल्केश पंवार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
निखिल कुमावत पिता राधेश्याम कुमावत (निवासी: ग्राम कचोली, थाना जीरन)
जयंत कुमावत पिता रमेशचन्द्र कुमावत (निवासी: ग्राम कचोली, थाना जीरन)
दीपक मेघवाल पिता राधेश्याम मेघवाल (निवासी: ग्राम कचोली, थाना जीरन)
अल्केश पंवार पिता जितेन्द्र पंवार (निवासी: स्टार सिटी कॉलोनी, महू रोड, नीमच)
कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने थाना नीमच सिटी पर आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 555/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 319(2) एवं 66D आईटी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया है। जब्त खातों और एटीएम के आधार पर गिरोह के अन्य नेटवर्क की गहन विवेचना जारी है।
वरिष्ठ अधिकारियों का निर्देशन व सराहनीय टीम
यह सफल कार्रवाई पुलिस महानिदेशक (म.प्र.) कैलाश मकवाणा, एडीजी (साइबर व गुप्त वार्ता) अंशुमान यादव, एडीजी उज्जैन जोन राकेश गुप्ता, डीआईजी रतलाम रेंज निमीष अग्रवाल के निर्देशों और एसपी नीमच राजेश व्यास के कुशल नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में एएसपी श्रीमती हेमलता अग्रवाल, सीएसपी सुश्री किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नीमच सिटी निरीक्षक विजय सागरिया तथा सायबर सेल प्रभारी प्रधान आरक्षक प्रदीप शिन्दे एवं उनकी पूरी टीम (उ.नि. शिवराजसिंह, उ.नि. शिशुपालसिंह, प्र.आर. अजीतसिंह, प्र.आर. प्रशांत जयंत, प्र.आर. आदित्य गौड़, प्र.आर. नीरज साहू, आर. लखनप्रताप सिंह, आर. कुलदीपसिंह, आर. लक्की शुक्ला, आर. राजेश चौधरी एवं म.आर. मोनिका परिहार) का विशेष योगदान रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post