जीवाजी राव छात्रावास की जमीन को लेकर जिला प्रशासन और नगर पालिका की बड़ी कार्रवाई, मौके पर पहुंचा प्रशासनिक अमला


नीमच। शहर के जीवाजी राव छात्रावास एवं उससे संबंधित भूमि को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच शनिवार को जिला प्रशासन और नगर पालिका प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। नगर पालिका का अमला कई जेसीबी सहित छात्रावास परिसर में पहुंचा, वहीं संभावित विरोध को देखते हुए भरी पुलिस बल भी मौके पर तैनात है।

जानकारी के अनुसार छात्रावास की भूमि को लेकर कन्या शिक्षा समिति और नगर पालिका के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। सरकारी रिकॉर्ड के आधार पर वर्ष 1955 में छात्रावास निर्माण के लिए नगर पालिका की ओर से समिति को भूमि दिए जाने का उल्लेख बताया जा रहा है। हालांकि भूमि के पंजीकृत हस्तांतरण अथवा लीज डीड को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण यह विवाद वर्षों से बना हुआ है।

बताया गया कि इसी भूमि पर पिछले कई वर्षों से कालिदास समिति और नगर पालिका के बीच दावे-आपत्तियों का दौर जारी है। नगर पालिका द्वारा परिसर में मौजूद कथित अवैध कब्जों एवं निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की तैयारी की गई। इसी के चलते प्रशासनिक अधिकारी, नगर पालिका का अमला और पुलिस बल मौके पर पहुंचा है।

कार्रवाई के दौरान छात्रावास से जुड़े समिति पदाधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों और समिति से जुड़े लोगों के बीच भूमि एवं कार्रवाई को लेकर चर्चा भी हुई। संभावित विरोध की आशंका के चलते पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था की गई।

*वर्षों पुराने विवाद पर कार्रवाई से बढ़ी हलचल*
नगर पालिका की इस कार्रवाई के बाद शहर में जीवाजी राव छात्रावास की भूमि को लेकर चर्चा तेज हो गई है। मामले में अब आगे प्रशासन किस स्तर पर कार्रवाई करता है और भूमि से संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद क्या स्थिति सामने आती है, इस पर लोगों की नजर बनी हुई है। 
यह निवासरत 25 बच्चों को नीमच के अन्य शासकीय छात्रावासों में शिफ्ट किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि बच्चे यहां बदतर हालात में रह रहे थे। जीवाजी राव छात्रावास को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में एसडीएम पराग जैन ने कहा कि कोर्ट का आदेश है और नगर पालिका अपने अधिपत्य में छात्रावास के करीब चार लाख स्क्वायर फीट जमीन खाली कराकर अपने अधिपत्य में ले रही है। प्रशासनिक स्तर पर लॉयन ऑर्डर की व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post