उज्जैन चिमनगंज मंडी थाना पुलिस बंदी नीरज श्रीवास्तव को प्रॉपर्टी की धोखाधड़ी मामले में आगे कार्रवाई के लिए बाहर लाई थी और मेडिकल के दौरान वह भाग गया.
आरोपी के भागने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और उसकी तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।जानकारी के अनुसार चिमनगंज मंडी थाना पुलिस एक ही संपत्ति को कई लोगों को बेचने के मामले में आरोपी नीरज श्रीवास्तव को पूछताछ के लिए जेल से लेकर आई थी। पूछताछ के साथ ही नीरज की तबीयत खराब होने के कारण उसका मेडिकल परीक्षण कराना था।
सूत्रों ने बताया कि चरक अस्पताल के इमरजेंसी गेट के पास मेडिकल चेकअप के दौरान आरोपी पुलिस जवानों को चकमा देकर भाग निकला। घटना के समय अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों सहित चिमनगंज मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, अस्पताल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए शहर के सभी थाना क्षेत्रों और बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर नाकाबंदी कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी नीरज श्रीवास्तव के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े के कई मामले दर्ज हैं। फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के दावे किए जा रहे हैं।