सांसद गुप्ता को जब मिला मौका, नीमच को दिया धोखा-तुरुण बाहेती

मंदसौर-भोपाल नए फोरलेन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर रोड़ से नीमच पूरी तरह बाहर- नीमच के साथ बड़ी साजिश तरुण बाहेती 

-फिर ठगा गया नीमच, कहां है तीनों विधायक ? सरकारी कागजों के साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष का बड़ा खुलासा

नीमच। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से मंदसौर तक स्वीकृत हुए नए 4-लेन 'एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे' के मामले में नीमच जिले के साथ एक बार फिर बहुत बड़ा और ऐतिहासिक धोखा हुआ है। यह नया फोरलेन रोड पहले भोपाल से नयागांव बॉर्डर तक प्रस्तावित था लेकिन अब भोपाल से मंदसौर तक ही बनेगा। इस अत्यंत गंभीर मुद्दे पर सीधा और तीखा प्रहार करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) के आधिकारिक अनुबंध पत्र के साथ भाजपा के जनप्रतिनिधियों की नीमच की जनता के साथ धोखधड़ी क़ो उजागर किया है। 
श्री बाहेती ने कहा कि नीमच जिला सीधे भोपाल तक एक नए शानदार फोरलेन मार्ग से जुड़ सकता था, जिससे यहाँ के विकास को नए पंख लगते। लेकिन भाजपा के जनविरोधी सांसद सुधीर गुप्ता, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक माधव मारू और जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा की घोर निष्क्रियता, नाकामी और मौन सहमति के चलते नीमच को इस महा-परियोजना से बाहर फेंक दिया गया है। उन्होंने ने कड़े शब्दों में कहा कि इन चारों जनप्रतिनिधियों की जानकारी में था कि भोपाल मंदसौर फोरलेन रोड परियोजना स्वीकृत हुई है और इससे नीमच तक किया जा सकता था लेकिन इन्होने कोई प्रयास नहीं कर नीमच जिले की 10 लाख जनता की पीठ में छुरा घोंपा है, जिसके लिए जनता इन्हें कभी माफ नहीं करेगी और न ही इन्हें बिल्कुल माफ किया जाना चाहिए! जनता को अब इन चारों नेताओं से घर-घर जाकर जवाब मांगना चाहिए।

-करोड़ों रुपये का ठेका हो गया, सरकारी मुहर लग गई और हमारे नेता सोते रहे!-

तरुण बाहेती ने मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) के आधिकारिक अनुबंध पत्र का हवाला देते हुए खुलासा किया कि 26 मई 2026 को अनुबंध संख्या 1100/2026 के तहत कंसल्टेंसी सर्विसेज के लिए बकायदा एग्रीमेंट साइन हो चुका है। इस सरकारी दस्तावेज के अनुसार, मंदसौर से भोपाल के बीच बनने वाले इस 258 किलोमीटर लंबे 4-लेन ग्रीनफील्ड एक्सेस कंट्रोल कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का ठेका भोपाल की कंपनी को दिया जा चुका है। केवल डीपीआर बनाने के लिए शासन लगभग 6 करोड़ रुपये खर्च कर रहा हैं। 
बाहेती ने सवाल उठाया कि जब मंदसौर से भोपाल का यह पूरा नया रूट तय हो रहा था, तब नीमच के ये चारों भाजपा नेता कौनसी मांद में सो रहे थे? जब सरकार भोपाल से मंदसौर तक इतना बड़ा बजट खर्च कर रही है, तो आखिर नीमच अछूत क्यों है? इसे मात्र कुछ किलोमीटर आगे बढ़ाकर नीमच जिला मुख्यालय और राजस्थान सीमा से क्यों नहीं जोड़ा गया? सांसद सुधीर गुप्ता जो बार-बार नीमच के हितों पर डाका डालते आए हैं, उन्होंने एक बार फिर अपनी नीमच विरोधी मानसिकता का परिचय देकर नीमच के हक पर कुठाराघात कर दिखाया है।
सत्ता पक्ष के तीन-तीन विधायक और दो-दो सांसद... फिर भी नीमच अनाथ क्यों?
कांग्रेस अध्यक्ष ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि आखिर हमारे चारों जनप्रतिनिधि किस कोने में मुंह छिपाकर चुपचाप बैठे हुए हैं? जब नीमच की इतनी बड़ी लाइफलाइन योजना को सरेआम छीना जा रहा है, तो जिले के तीनों विधायक दिलीप सिंह परिहार, माधव मारू और ओमप्रकाश सकलेचा चुपचाप तमाशा देख रहे हैं। नीमच जिला अफीम उत्पादन, कृषि व्यापार और सीमेंट उद्योगों का सबसे बड़ा केंद्र होने के बावजूद आज एक आधुनिक एक्सप्रेस-वे कनेक्टिविटी के लिए तरस रहा है। यह नीमच के साथ घोर अन्याय है, जिसे भाजपा सरकार और उनके ये रीढ़विहीन नेता सहज मानकर बैठे हैं। अगर यह मार्ग राजस्थान सीमा से जुड़ता तो राजस्थान के चित्तौड़गढ़, निम्बाहेड़ा और उदयपुर संभाग के व्यापारियों को भी इसका सीधा लाभ मिलता, जिससे नीमच का व्यापार चार गुना बढ़ जाता।

बॉक्स 
सामाजिक संगठनों को आगे आने का आह्वान, मेडिकल कॉलेज जैसी आर-पार की लड़ाई की जरूरत

जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने नीमच के सभी सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध जनों, व्यापारिक मंडलों और आम नागरिकों से खुली अपील करते हुए कहा है कि
यह लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि समूचे नीमच जिले के अस्तित्व और हमारे बच्चों के भविष्य की है। नीमच को बार-बार धोखा किसलिए दिया जा रहा है? आखिर कहां हैं हमारे जनप्रतिनिधि जो चुपचाप बैठे हुए हैं? अब समय आ गया है कि नीमच के सभी सामाजिक संगठन दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आगे आएं। हमें यह लड़ाई ठीक वैसे ही लड़नी होगी, जैसे हमने एकजुट होकर मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति के समय सड़कों पर लड़ी थी और सोई हुई सरकार को घुटने टेकने पर मजबूर किया था। अगर आज हम चुप रहे, तो आने वाली पीढ़ियां इस उदासीनता के लिए हमें कभी माफ नहीं करेंगी।

बॉक्स 
जनता मांगे हिसाब: नहीं किया जाएगा माफ, चारों नेताओं का होगा उग्र घेराव ये

बाहेती ने चेताया कि ऐसी विशाल और दूरगामी सड़क परियोजनाएं बार-बार नहीं बनतीं। सरकारी लेटर जारी हो चुका है, एग्रीमेंट भी हो गया है और अलाइनमेंट फाइनल करने की समयसीमा दे दी गई है। ऐसे में अगर अब रूट तय होकर काम शुरू हो गया, तो नीमच हमेशा के लिए मुख्य विकास की धारा से कट जाएगा।
इसलिए कांग्रेस पार्टी जनता की अदालत में जाएगी और नीमच के हक की खातिर क्षेत्रीय भाजपा सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, विधायक माधव मारू और विधायक ओमप्रकाश सकलेचा का सामूहिक बहिष्कार करेगी और उनके निवासों का पुरजोर घेराव करेगी। जनता अपने टैक्स और अपने वोट की ताकत का हिसाब इन चारों नेताओं से सड़कों पर मांग कर रहेगी।


(तरुण बाहेती) जिला अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी, नीमच

Post a Comment

Previous Post Next Post